मिडिल ईस्ट में ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव गहराता जा रहा है। इस बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति पर चिंता जताते हुए स्पष्ट कहा कि भारत हमेशा शांति के पक्ष में रहा है और मौजूदा हालात चिंताजनक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “विश्व में चल रहे अनेक तनावों के लिए भारत की सोच स्पष्ट है। हमने हमेशा शांति बनाए रखने की ही बात कही है। पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। बातचीत से ही समस्या का समाधान निकालना चाहिए। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीयों की सुरक्षा के लिए हम सभी देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।”
मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच पीएम मोदी ने कनाडा के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर भी अहम घोषणा की। राजधानी में कनाडा के प्रधानमंत्री Mark Carney के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि दोनों देश 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज हमने इस विजन को अगले स्तर की साझेदारी में बदलने पर चर्चा की। आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता का दोहन हमारी प्राथमिकता है। इसलिए हमने निकट भविष्य में एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है।”
पीएम मोदी ने बताया कि कनाडा के पेंशन फंडों ने भारत में लगभग 100 अरब डॉलर का निवेश किया है, जो भारत की विकास गाथा में उनके गहरे विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय दोनों देशों में नए निवेश और रोजगार के अवसर खोलेगा।
बताया जा रहा है कि दिन में दोनों देशों के नेता व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे, ताकि आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाया जा सके।
गौरतलब है कि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इन दिनों भारत दौरे पर हैं और दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा जारी है।
