टीवी की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय सीरीज Game of Thrones में काम कर चुके अभिनेता माइकल पैट्रिक का 35 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और करीब 10 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद 7 अप्रैल को उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार माइकल पैट्रिक पिछले तीन वर्षों से Motor Neurone Disease (एमएनडी) से पीड़ित थे। यह एक खतरनाक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जो धीरे-धीरे शरीर की मांसपेशियों को निष्क्रिय कर देती है। इस बीमारी के कारण मरीज के चलने-फिरने, बोलने और यहां तक कि सांस लेने की क्षमता भी प्रभावित हो जाती है।
माइकल की हालत बीते कुछ महीनों में काफी बिगड़ गई थी और वह व्हीलचेयर पर आ गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें उत्तरी आयरलैंड के बेलफास्ट स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें ट्रेकियोस्ट्रोमी (गले में छेद कर सांस लेने के लिए पाइप डालने की प्रक्रिया) की सलाह दी, लेकिन माइकल ने इस प्रक्रिया को करवाने से इंकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी स्थिति को देखते हुए स्वेच्छा से जीवन को अलविदा कहने का निर्णय लिया। उनके इस फैसले ने फैंस और मनोरंजन जगत को भावुक कर दिया है।
माइकल पैट्रिक ने Game of Thrones के सीजन 6 के “द ब्रोकन मैन” एपिसोड में एक वाइल्डलिंग रॉयटर की भूमिका निभाई थी। भले ही उनका किरदार छोटा था, लेकिन उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों पर छाप छोड़ी थी।
उनके निधन की जानकारी उनकी पत्नी नाओमी ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। उन्होंने बताया कि माइकल पिछले 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे और जिंदगी की जंग हार गए। इस खबर के सामने आने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
माइकल पैट्रिक के निधन से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
