onwin giriş
Home उत्तराखंड

मुख्यमंत्री आवास में होली की धूम, लोक कलाकारों ने बिखेरे रंग

देहरादून। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में होली के रंगों की खास बहार देखने को मिली। प्रदेश भर से आए लोक कलाकारों और होल्यारों ने अपने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य से माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस अवसर पर आम और खास लोगों ने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

पूर्वाह्न से ही गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार क्षेत्र से आई सांस्कृतिक टोलियां होली गायन करते हुए मुख्यमंत्री आवास पहुंचती रहीं। एक ओर जौनसारी कलाकारों ने पारंपरिक हारूल नृत्य प्रस्तुत किया, तो दूसरी ओर कुमाऊंनी होल्यारों की टीम ने अपने खास अंदाज में होली गीतों से समां बांध दिया। पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र से आई सांस्कृतिक टोली ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान ढोल, मंजीरे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच होली के पारंपरिक गीत गूंजते रहे।
“आओ दगड़ियो, नाचा गावा, आ गई रंगीली होली” जैसे कुमाऊंनी गीतों ने जहां उत्साह जगाया, वहीं राठ क्षेत्र के कलाकारों ने “आई डान्ड्यू बसंत, डाली मा मौल्यार” गाकर बसंत और होली के स्वागत का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री आवास का प्रांगण रंगों और लोक संस्कृति की छटा से सराबोर नजर आया। जो भी वहां पहुंचा, वह लोक परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों में खो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कलाकारों के साथ होली के रंगों में रंगे नजर आए और कई बार उनके साथ थिरकते दिखाई दिए।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए लोक कलाकारों ने कहा कि राज्य सरकार लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। कलाकारों ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोक कलाकारों को संरक्षण और मंच प्रदान करना सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

होली के इस आयोजन ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक एकता और समृद्ध परंपराओं की जीवंत झलक पेश की।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.