onwin giriş
Home देश

पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बढ़ेगी गर्मी

नई दिल्ली। देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तर-पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज और वज्रपात की संभावना जताई गई है। असम और मेघालय में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है, जबकि अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

IMD ने बताया कि फिलहाल अप्रैल में ठंड का हल्का असर महसूस हो रहा है, लेकिन अगले सात दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 8-10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है। मध्य भारत में भी तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

पूर्वी भारत में फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 10 से 13 अप्रैल के बीच इसमें 5-7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। गुजरात और महाराष्ट्र में भी धीरे-धीरे तापमान बढ़ने के आसार हैं।

दक्षिण भारत में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है, खासकर तटीय क्षेत्रों में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा। हालांकि, फिलहाल देश में कहीं भी लू को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि मैदानी इलाकों में बेमौसम बारिश का दौर अब खत्म हो चुका है और आने वाले दिनों में गर्मी का प्रभाव स्पष्ट रूप से बढ़ेगा। वहीं, पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलता रहेगा।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.