Delhi-एनसीआर में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हुई।
मौसम विभाग India Meteorological Department (आईएमडी) ने पहले ही 15 मार्च को दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया था। इसी को देखते हुए राजधानी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
तापमान की बात करें तो शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आईएमडी का कहना है कि 15 से 18 मार्च के बीच हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है और अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं।
आज पूरे दिन दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं सुबह के समय घर से निकलने वाले लोगों को कुछ दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरने और ट्रैफिक धीमा होने से यात्रियों को परेशानी हुई।
दिल्ली से सटे Punjab और Haryana में भी मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है। मौसम विभाग ने 15 से 19 मार्च के बीच इन राज्यों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
