onwin giriş
Home देश

अरब सागर में उठा चक्रवात ‘शक्ति’, महाराष्ट्र-गुजरात में भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट

भारत में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बिगड़ने जा रहा है। अरब सागर में बन रहा साल 2025 का पहला चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ अब तेज़ होता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पुष्टि की है कि यह चक्रवात नॉर्थ ईस्ट अरब सागर में विकसित हो चुका है और आने वाले दिनों में महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों को प्रभावित कर सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, तूफान शक्ति इस समय गुजरात के नलिया से 270 किमी दक्षिण-पश्चिम, पोरबंदर से 300 किमी पश्चिम और कराची से 360 किमी दक्षिण में केंद्रित है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में लगभग 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। अगले 48 घंटों में इसके और अधिक तीव्र होने और गंभीर चक्रवात में बदलने की संभावना जताई जा रही है।

आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए 4 से 7 अक्टूबर के बीच भारी बारिश और 65 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। गुजरात तट के लिए भी हाई टाइड और तूफ़ानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है क्योंकि इन इलाकों में समुद्र की लहरें बहुत ऊंची और खतरनाक हो सकती हैं।

हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ‘शक्ति’ भारत के तट से सीधे टकराने की संभावना कम है, लेकिन इसका असर जरूर देखने को मिलेगा। खासकर महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने और हवाओं के चलने की पूरी संभावना है।

इस चक्रवात का नाम ‘शक्ति’ श्रीलंका ने रखा है। दरअसल, क्षेत्रीय नामकरण प्रणाली के तहत बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड जैसे आठ देश मिलकर चक्रवातों के नाम सुझाते हैं।
विश्व मौसम संगठन (WMO) और एशिया-पैसिफिक के लिए आर्थिक और सामाजिक आयोग (ESCAP) के तहत यह नाम सूचीबद्ध किए जाते हैं। ‘शक्ति’ इस सूची का पहला नाम है।

आईएमडी के अनुसार, 5 अक्टूबर तक पाकिस्तान और भारत के पश्चिमी तटों पर समुद्र में बहुत तेज हवाएं और ऊंची लहरें देखने को मिल सकती हैं। साथ ही, निचले तटीय इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.