केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा है कि संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण काफी रोचक और महत्वपूर्ण रहने वाला है। उन्होंने बताया कि इस चरण में कई अहम विधेयक चर्चा और पारित करने के लिए पेश किए जाएंगे।
रिजिजू ने रविवार को जानकारी दी कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए लाए गए प्रस्ताव पर 9 मार्च को चर्चा होगी और उसी दिन मतदान भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार प्रस्ताव पेश होने के पहले ही दिन उस पर चर्चा कर निर्णय लिया जाता है।
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था। एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया। बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा।
रिजिजू ने बताया कि सरकार ने दूसरे चरण के दौरान विशिष्ट मंत्रालयों पर चर्चा की योजना बनाई है। लोकसभा में पांच मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी, जबकि राज्यसभा में पांच अन्य मंत्रालयों के कार्यों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। राज्यसभा में अनुदान की मांगों पर मतदान नहीं होगा, बल्कि मंत्रालयों के कामकाज पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पहले चरण की तरह सदन की कार्यवाही में व्यवधान डाला गया, तो सरकार बिना चर्चा के भी विधेयकों को पारित कराने का निर्णय ले सकती है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दूसरे चरण में एक बेहद महत्वपूर्ण विधेयक लाया जाएगा, हालांकि उसके विषय का खुलासा नहीं किया गया।
सरकार का कहना है कि यह सत्र विधायी कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा और सभी प्रमुख विधेयकों को पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।

