onwin giriş
Home देश

मौसम ने बदली करवट: तापमान में बढ़ोतरी, दिल्ली-लखनऊ-जयपुर में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। सर्दी धीरे-धीरे कम हो रही है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने दिल्ली, लखनऊ और जयपुर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 22 और 23 जनवरी 2026 को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

दिल्ली में शुक्रवार 23 जनवरी को बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आसमान में बिजली कड़कने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 23 और 24 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और बिजली चमकने की संभावना है।
वहीं, राजस्थान की राजधानी जयपुर में 23 जनवरी को हल्की बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 26 से 28 जनवरी 2026 के बीच उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। अगले दो दिनों में इस क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद के दो दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री गिर सकता है और फिर एक बार दोबारा 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

सेंट्रल इंडिया के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद के दो दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जबकि आगे चलकर तापमान फिर 2 से 4 डिग्री बढ़ सकता है।
महाराष्ट्र में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, जबकि गुजरात में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद 2 से 3 डिग्री की गिरावट और फिर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, देश के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बारिश और हवाओं के कारण मौसम का असर महसूस किया जा सकता है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.