onwin giriş
Home देश

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: 25 मौतों के बीच बड़ा एक्शन, पुलिस ने अजय गुप्ता को दिल्ली से गिरफ्तार किया

गोवा के वागाटोर में नाइट क्लब में लगी भीषण आग और 25 लोगों की मौत के मामले ने पूरे देश में हलचल मचा दी है। इसी बीच आज गोवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिल्ली से अजय गुप्ता नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो इस पूरे मामले में मुख्य आरोपियों सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा का करीबी और बिजनेस पार्टनर बताया जा रहा है।

अजय गुप्ता के खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था। पुलिस कई दिनों से उसकी तलाश में थी लेकिन वह घर पर नहीं मिल रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया कि अजय, सौरभ और गौरव के साथ मिलकर कई क्लब व्यवसाय संचालित कर रहा था।

उधर, मामले के मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा थाईलैंड भाग चुके हैं, और उनकी गिरफ्तारी अब अंतरराष्ट्रीय कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगी, जो काफी लंबी हो सकती है।

आग की घटना के बाद राज्य सरकार भी सक्रिय हुई है। गोवा के वागाटोर बीच पर बने उनके नाइट क्लब “बर्च बाय रोमियो लेन” के अवैध हिस्से पर आज बड़ा एक्शन लिया गया।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के निर्देश पर क्लब के उस हिस्से को बुलडोजर से ढहा दिया गया, जिसे अतिक्रमण कर बनाया गया था।
गोवा टूरिज्म विभाग के डिप्टी डायरेक्टर धीरज ने बताया कि जुलाई 2024 में भी यह हिस्सा गिराया गया था, लेकिन इसके बाद क्लब प्रबंधन ने फिर से अवैध निर्माण कर लिया।

लूथरा ब्रदर्स का क्लब कारोबार देश-विदेश में तेज़ी से फैला हुआ है —

  • भारत के 22 शहरों में क्लब
  • 4 देशों में विस्तार

इस साम्राज्य के संचालन में अजय गुप्ता की भूमिका भी महत्वपूर्ण बताई जा रही है, जिसके चलते पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

सौरभ लूथरा ने 2016 में अपनी नौकरी छोड़कर दिल्ली में पहला रोमियो लेन क्लब शुरू किया था। इसके बाद उनका नेटवर्क तेजी से बढ़ा और कुछ ही वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैल गया।
अब वह गोवा अग्निकांड का मुख्य आरोपी है और पुलिस उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

गोवा पुलिस अब अजय गुप्ता से पूछताछ कर रही है, ताकि आग की वजह, क्लब के संचालन, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अवैध निर्माण की जानकारी जुटाई जा सके।
सूत्रों का कहना है कि यह गिरफ्तारी मामले की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.