कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में महिला कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिये कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने ताकत का एहसास कराया। हजारों की संख्या में पहुंची महिलाओं को संबोधित करते हुए भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि भाजपा ने परिवारवाद, जातिवाद की राजनीति दरकिनार कर महिलाओं को प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया। यह मौका आगे भी मिलता रहेगा।शुक्रवार को कठघरिया के एक गार्डेन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में रेखा वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का ध्येय वाक्य है, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। यह मंत्र साकार हो रहा है। इसकी वजह से महिलाओं को राजनीति में आने का मौका मिला है। भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने खुद को कुमाऊं से जोड़ते हुए कहा कि वह मूल रूप से डीडीहाट की हैं। उनका ननिहाल गंगोलीहाट में है। पार्टी ने आज उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी सौंपी है। मोदी सरकार की प्रत्येक योजना में महिला सशक्तीकरण का ख्याल रखा जाता है। इतना ही नही उत्तराखंड की 13 जिला पंचायतों में हमारी 10 जिला पंचायत अध्यक्ष महिला हैं, यह बड़ी उपलब्धि है। आगामी चुनावों में महिलाओं व युवाओं की संख्या और बढ़ेगी।
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने सम्मेलन की सफलता पर आभार जताते हुए कहा कि महिलाएं देवी की शक्ति रूप हैं। महिलाओं के आशीर्वाद से ही वह 30 वर्षों से इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह भविष्य के लिए भी आशीर्वाद की अपेक्षा रखते हैं। कार्यक्रम संयोजक जानकी पोखिरया थीं। इसमें जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र प्रभारी गोपाल रावत, जिला पंचायत अध्यक्षा बेला तोलिया, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रतिभा जोशी, पूर्व दर्जा राच्यमंत्री शांति मेहरा, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष प्रेमा जोशी, कालाढूंगी मंडल अध्यक्ष ममता साह, कोटाबाग मंडल अध्यक्ष माया गोस्वामी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपा ढौंडियाल, आनंदी बिष्ट, ममता भट्ट, जिला महामंत्री कमल नयन जोशी, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य विकास भगत, मंडल अध्यक्ष नवीन भट्ट, महेंद्र डिगारी, जोगा मेहरा, जिला मंत्री प्रताप बोरा, सुरेश गौड़, कमल पांडे आदि शामिल रहे।