प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में विजयवर्गीय ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पार्टी के मीडिया संबंधित कार्यकलापों की जानकारी लेते हुए सभी प्रतिभागियों को आवश्यक निर्देश दिए।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से आह्वान किया है कि वह केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाएं। वह प्रदेश मुख्यालय में भाजपा की सोशल मीडिया और मीडिया टीम से रूबरू हुए।
रविवार को प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में विजयवर्गीय ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पार्टी के मीडिया संबंधित कार्यकलापों की जानकारी लेते हुए सभी प्रतिभागियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। जिसके लिए मीडिया व सोशल टीम की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि देश के चहुंमुखी विकास से अलग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को भव्य रूप में पुनर्स्थापित करने में जुटे हैं। जिसके लिए केदारनाथ पुनर्निर्माण, उज्जैन महाकाल कॉरिडोर निर्माण, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर जैसे अब तक नौ विश्वव्यापी धार्मिक पहचान रखने वाले स्थलों पर युद्धस्तर पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि हम सभी भाग्यशाली हैं कि अपने आचार, व्यवहार व संस्कार में देश की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान परिलक्षित करने वाला नेतृत्व पीएम मोदी के रूप में हमें मिला है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि विजयवर्गीय के अनुभव विशेषकर मीडिया विषय पर दिए मार्गदर्शन का लाभ हम सब उठाएंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कैलाश विजयवर्गीय को मीडिया एवं सोशल मीडिया की ओर से चुनाव व चुनाव बाद किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, प्रदेश कार्यालय प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, पूर्व सांसद बलराज पासी, डॉ. देवेंद्र भसीन, विपिन कैंथोला आदि मौजूद रहे।