



यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी देहरादून के डॉक्टर को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि चार अगस्त को विधायक केदार सिंह के पास अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि एक अधिकारी उसका फोन नहीं उठा रहा है।
उसने अपना नाम डॉ. प्रमोद त्यागी बताया। विधायक ने अधिक जानकारी मांगी तो वह अनर्गल बात करने लगा। इस पर विधायक ने फोन काट दिया। इसके बाद उसने दोबारा फोन किया और कहा कि वह अजबपुर देहरादून का रहने वाला है और विधायक को जान से मारने की धमकी देने लगा।
इस पर विधायक ने अपने निजी सहायक सूर्यपाल सिंह राणा को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूर्यपाल ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने नाम के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
धमकी देने के आरोपी डाक्टर प्रमोद त्यागी निवासी लेन नंबर दो, अशोक विहार, नेहरू कॉलोनी को रविवार को अजबपुर फ्लाईओवर से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थाने में छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके खिलाफ एक बार गुंडा अधिनियम की चालान रिपोर्ट भी बनी है।