टिहरी जिले की धनोल्टी विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने भाजपा का दामन थाम लिया। बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उन्हें राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी व उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराया। पंवार ने कहा कि वह भाजपा की नीतियों से काफी प्रभावित हैं। काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार राज्य गठन के बाद वर्ष 2002 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी के रूप में उत्तरकाशी जिले की यमुनोत्री सीट से चुन कर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद वर्ष 2012 में भी उन्होंने उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी के रूप में इसी सीट से जीत हासिल की। वर्ष 2017 में उन्होंने यमुनोत्री छोड़ धनोल्टी विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोकी। यहां भी जनता का आशीर्वाद उन्हें मिला और वह तीसरी बार विधायक के रूप में विधानसभा पहुंचे। उनकी छवि एक जुझारू, सरल व सौम्य विधायक की है।
चुनाव से ऐन पहले भाजपा ने उन्हें पार्टी में शामिल कर एक मजबूत नेता अपने साथ जोड़ लिया है। प्रीतम सिंह को भाजपा में लाने में पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी की अहम भूमिका रही। वह काफी लंबे समय से पंवार के संपर्क में थे। हाल ही में विधानसभा के मानसून सत्र में विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने सदन के भीतर अपने संबोधन में धनोल्टी विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी का आभार भी जताया था। तब से ही उनकी भाजपा से नजदीकी की चर्चा होने लगी थी।
बुधवार सुबह राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने ट्वीट कर एक बड़े नेता के भाजपा में शामिल होने की बात कही थी। दोपहर लगभग सव दो बजे राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक प्रीतम पंवार को लेकर मीडिया के सामने आए और उन्हें भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि राज्य आंदोलन में प्रीतम का अहम योगदान रहा है।उनके भाजपा में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी, वहीं उनके क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि राज्य निर्माण में भाजपा का अहम योगदान है। भाजपा ही आने वाले समय में प्रदेश का और तेजी विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसका पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।