प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हल्द्वानी दौरे को देखते हुए भाजपा ने प्रदेश में चल रही अपनी विजय संकल्प यात्रा को 31 दिसंबर तक विश्राम दिया है। यात्रा के प्रदेश संयोजक ज्योति प्रसाद गैरोला ने बुधवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पिछले 11 दिन में 43 विधानसभा क्षेत्रों में इस यात्रा ने 2301 किमी का सफर तय किया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान हुई सभाओं समेत अन्य कार्यक्रमों में 3.35 लाख व्यक्तियों ने भागीदारी की। उन्होंने बताया कि एक जनवरी से यह यात्रा शेष 27 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी।गैरोला ने बताया कि गढ़वाल मंडल में विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत 18 दिसंबर को हरिद्वार से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की थी, जबकि कुमाऊं मंडल में 19 दिसंबर को बागेश्वर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने। यात्रा ने गढ़वाल मंडल में 1301 और कुमाऊं में एक हजार किमी की यात्रा की है। इनमें गढ़वाल के चार संपूर्ण जिले व दो आंशिक और कुमाऊं के चार संपूर्ण व एक जिला आंशिक रूप से शामिल है। इस दौरान 47 सभाएं व इतने ही स्वागत समारोह और 59 रोड शो हुए।
उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल में यात्रा का समापन छह जनवरी को उत्तरकाशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। कुमाऊं मंडल की यात्रा का चार जनवरी को खटीमा में समापन होगा और इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एक जनवरी से विजय संकल्प यात्रा के दौरान होने वाली सभाओं को केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट, सांसद मनोज तिवारी व मीनाक्षी लेखी समेत अन्य नेता भी संबोधित करेंगे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की विजय संकल्प यात्रा सर्वसमाज से जुड़ने में सफल रही है। इसमें उमड़ने वाली भीड़ यह साबित करती है।गैरोला के अनुसार पार्टी के दृष्टि पत्र के लिए आमजन से सुझाव लेने के मद्देनजर सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनसुझाव रथ भी भेजे गए हैं। बड़ी संख्या में लोग सुझाव दे रहे हैं। जनसुझाव रथों के माध्यम से राज्य व केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी भी जनता को दी जा रही है।