



शिक्षा विभाग ने हेडमास्टर के साथ ही प्रधानाध्यापिका-महिला शाखा की अनंतिम सीनियरिटी लिस्ट जारी कर दी। इन सभी की नियुक्तियां 2016-17 से 2018-19 के बीच की हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में बड़ी संख्या में रिटायर और दिवंगत शिक्षकों के नाम भी हैं। शिक्षा निदेशक आरके कुंवर ने यह लिस्ट जारी करते हुए इन पर आपत्तियां भी मांगी हैं। उनके अनुसार, सीनियरिटी लिस्ट पर 26 अगस्त तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं।
सभी को अपनी आपत्तियां प्रमाण सहित देनी होंगी। हेडमास्टर-सामान्य शाखा में 429 लोगों की सीनियरिटी लिस्ट जारी की गई है। सीनियरिटी क्रम 2454 से शुरू होकर 2882 तक गया है। इसी प्रकार से प्रधानाध्यापिका की सीनियरिटी 337 से 361 तक गई है। सूत्रों के अनुसार, इस लिस्ट को देख शिक्षक हैरान हैं।
प्रधानाध्यापिका की सीनियरिटी लिस्ट में 25 में से आठ काफी समय पहले रिटायर हो चुकीं हैं। इसी प्रकार हेडमास्टर कैडर में सीनियरिटी लिस्ट में 134 लोग अब सरकारी सेवा में ही नहीं हैं। तीन दिवंगत प्रवक्ता भगवती राणा, खुशहाल सिंह रावत और ओमप्रकाश वशिष्ठ के नाम भी लिस्ट में शामिल हो गए हैं। इधर, शिक्षकों का कहना है कि दिवंगत और रिटायर लोगों के नाम सीनियरिटी लिस्ट में रखने की परंपरा चली आ रही है। इसमें अब बदलाव किया जाना चाहिए।