भारतीय तटरक्षक बल को आज यानी शनिवार को स्वदेशी निर्मित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरु किए गए मेक इन इंडिया के तहत आइसीजी शिप सजग के रूप में एक नया पहरेदार मिलेगा। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल इस संदर्भ में अगले आदेश देंगे। न्यूज एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, आइसीजी जहाज ‘सजग’ पांच अपतटीय गश्ती जहाजों की श्रृंखला में तीसरे नंबर का है। गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा इसे पूरी तरह स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित किया गया है। पीएम मोदी के विजन ‘मेक इन इंडिया’ के अनुरूप आत्मनिर्भर भारत का ये एक बेहतरीन उदाहरण है।
हाल ही में टाक्टे और यास जैसे चक्रवातों से भारतीय तटरक्षक बल के जवानों ने पूरी मुस्तैदी के साथ लोगों को बचाया है। वहीं कई तटीय इलाकों में मछली पकड़ने के दौरान डूबते मछुआरों की जान बचाने में कोस्ट गार्ड को सफलता मिली है।उधर, भारतीय वायुसेना को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तीन राफेल लड़ाकू विमानों (Rafale fighter aircraft) का एक बैच गुरुवार को फ्रांस से उड़ान भरने के बाद भारत में उतरा। राफेल युद्धक विमानों की इस छठी खेप के भारत पहुंचने के साथ ही भारतीय वायुसेना के पास कुल राफेल विमानों की संख्या 21 हो गई है।
भारत और फ्रांस दोनों सरकारों के बीच राफेल विमानों का रक्षा सौदा 59 हजार करोड़ रुपए में हुआ था। इस साल के अंत तक सभी 36 विमान भारत को मिल जाने हैं। इससे भारतीय वायुसेना की ताकत में भारी बढ़ोतरी हो जाएगी। राफेल दो इंजनों वाला यह युद्धक विमान परमाणु हमले तक में सक्षम है। राफेल लड़ाकू विमान एक साथ 14 स्थानों को निशाना बना सकता है।