



प्रदेश के दो मैदानी जिलों में आज कोहरे और शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में भी सुबह-शाम कोहरा मुसीबत बनेगा। हालांकि फिलहाल कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। आज मंगलवार को देहरादून में सुबह की शुरुआत एक बार फिर कोहरे के साथ हुई। हालांकि नौ बजे बाद धूप खिलने से ठंड का प्रकोप कुछ कम हुआ।सोमवार को जहां पर्वतीय क्षेत्रों में पाला मुसीबत बना रहा, वहीं मैदानी क्षेत्रों में कोहरे ने परेशानी में डाला। देहरादून सहित हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और अन्य मैदानी इलाकों में रविवार की देर रात से ही घना कोहरा छा गया। सोमवार को सुबह सूरज के दर्शन नहीं हुए। करीब 11 बजे के बाद सूरज दिखाई दिया। दून में दिन में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि मैदानी जिलों में मंगलवार को शीतलहर चलेगी। पर्वतीय जिलों में आंशिक बादल आ सकते हैं। हालांकि फिलहाल कहीं भी बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं। राजधानी में भी सुबह-शाम कोहरा जारी रहेगा।