देहरादून में सेवारत, पूर्व सैनिकों और शहीदों की संपत्ति पत्नी या उनकी माता के नाम दर्ज होने की स्थिति में उन्हें हाउस टैक्स में छूट नहीं मिल रही थी। लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा। शुक्रवार को नगर निगम की बोर्ड बैठक में मेयर सुनील उनियाल गामा ने इन परिवारों को टैक्स छूट देने में आ रही इस बाधा को भी खत्म कर दिया। इसे बोर्ड ने भी स्वीकृति दे दी। नगर निगम क्षेत्र के हजारों परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। फिलहाल संपत्ति सेवारत या पूर्व सैनिक के नाम पर होने पर ही हाउस टैक्स में छूट मिलती थी। लेकिन, अगर संपत्ति उनकी पत्नी और माता के नाम पर है तो उन्हें इसका लाभ नहीं मिलता है। जबकि, संपत्ति की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर कराने पर स्टांप ड्यूटी में छूट मिलती है। ऐसे में सेना से जुड़े परिवार दोनों सुविधाओं का लाभ नहीं उठ पा रहे थे।
स्टांप ड्यूटी में छूट के लिए यदि संपत्ति उन्होंने परिवार की महिला के नाम दर्ज कराई तो उन्हें हाउस टैक्स में छूट नहीं मिल पाती थी। इस पर मेयर ने शुक्रवार को विशेष घोषणा करते हुए उन्हें हाउस टैक्स में पूरी छूट देने का ऐलान किया। मेयर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में हजारों सैनिक परिवार रहते हैं। लेकिन, उनकी पत्नी और माता के नाम संपत्ति होने के चलते हाउस टैक्स में राहत नहीं मिलती थी। लेकिन, अब उन्हें हाउस टैक्स के दायरे से बाहर रखा जाएगा।
गांधी पार्क में बनाए गए ओपन जिम के लिए आपको टिकट लेना पड़ेगा। इससे आने वाली धनराशि जिम की मशीनों के रख-रखाव और सुरक्षा पर खर्च की जाएगी। बता दें कि मुफ्त जिम के चलते यहां अराजक तत्वों दिखाई देते हैं, जो जिम के उपकरणों को खराब रहे हैं। जिसे देखते हुए बोर्ड ने जिम का शुल्क 600 रुपये तिमाही, 1000 रुपये छमाही एवं 1800 रुपये सालाना तय किया है।
मेयर गामा ने निगम के सभी 100 वार्डों में ओपन जिम खोलने की अपनी घोषणा के तहत पहले चरण में 10 ओपन जिम खोले जाएंगे। बोर्ड ने 10 ओपन जिम को अपनी स्वीकृति दे दी। जिन वार्डों में पहले चरण में ओपन जिम बनेंगे, उनमें नेहरू कालोनी, इंदिरानगर, एकता पार्क, सालावाला, विजय पार्क, मन्नूगंज में झंडा मोहल्ला, धोरणखास, डांडा लखौंड में आंबेडकर पार्क, चंद्रबनी गौतम कुंड मंदिर के पास और हर्रावाला खेल मैदान शामिल हैं।