दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां बिजली पैदा होती है, वहां इतनी महंगी दी जा रही है। दिल्ली सरकार 200 यूनिट तक फ्री और उससे अधिक उत्तराखंड से भी कम रेट पर जनता को मुहैया करा रही है। राज्य की खुशहाली के लिए यहां आम आदमी पार्टी की सरकार जरूरी है।राजेंद्र पाल गौतम गुरुवार को लालकुआं विधानसभा के बिंदुखत्ता क्षेत्र में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड में पांच वर्षों के भीतर मुख्यमंत्री बदलने के अलावा कोई काम नहीं किया। आज हालत यह है कि राज्य के सरकारी स्कूल धीरे-धीरे बंद होते जा रहे हैं। अस्पतालों की हालत बहुत ही बदतर है। वहीं, दिल्ली में सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की मिसाल दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में आप की सरकार बनने पर चिकित्सा और शिक्षा की स्थिति दिल्ली जैसी कर दी जाएगी। बिजली व पानी निश्शुल्क दिया जाएगा। महिलाओं एवं बेरोजगारों को भी भत्ता दिया जाएगा। इस अवसर पर लालकुआं विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर पांडे, राज्य कार्यकारिणी सदस्य दीपक पांडे, दीपिका, धर्मवीर अवाना, ओमपाल कश्यप भी मौजूद रहे।आम आदमी पार्टी के सीएम प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल आज शुक्रवार को रामनगर में होंगे। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह रावत ने बताया कि दोपहर 12 बजे कोठियाल पर्वतीय रामलीला समिति पैंठपड़ाव में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान व पार्टी की उपलब्धियां व दिल्ली माडल के बारे में लोगों को बताएंगे। उन्होंने बताया जनसभा में रामनगर व आसपास के सैंकड़ों लोग पहुंचेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जनसंपर्क भी किया।