onwin giriş
Home उत्तराखंड

मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के लिए ज़ारी किया अलर्ट

राज्य की राजधानी देहरादून समेत राज्य में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी देहरादून में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी अभी भी जारी है जिससे ठंड काफी बढ़ गई है। केदारनाथ, गंगोत्री के साथ ही यमुनोत्री समेत कई ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है। पहाड़ों में ठंड और ठिठुरन बढ़ गई है। चमोली जिले में भी जमकर बर्फबारी हुई है। बारिश और बर्फबारी के चलते गोपेश्वर-चोपता-ऊखीमठ हाईवे पर बर्फबारी के बाद पाला जमने से पुलिस प्रशासन ने दो दिनों के लिए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। बृहस्पतिवार देर शाम पुलिस ने चोपता से आगे फंसे 5 लोगों को रेस्क्यू कर गोपेश्वर पहुंचाया।

पुलिस ने अपील की है कि बर्फबारी के बीच वाहन संभाल कर चलाएं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार उत्तराखंड में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। जिससे अगले दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज बिल्कुल बदला हुआ रहने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी व चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ के साथ ही बागेश्वर में बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। जबकि देहरादून, हरिद्वार व पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में गरज के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जबकि मैदानों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली कड़कने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.