धन सिंह रथी देवता का मेला इस बार सादगी से संपन्न हुआ। थौलधार ब्लॉक के अलेरू किल्याखाल में लगने वाले इस मेले में लॉकडाउन के चलते भक्त नहीं पहुंच सके। ऐसे में मंदिर समिति ने अपने फेसबुक पेज और यू-ट्यूब पर सुबह सात बजे से आरती का लाइव प्रसारण किया। 63 हजार लोगों ने इस आरती को लाइव देखा।
रथी देवता का मेला हर साल 19 अप्रैल को लगता है। इसमें भारी भीड़ जुटती है, लेकिन इस बार कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन के चलते मंदिर समिति ने मेला पहले ही स्थगित कर दिया था।
रविवार को धन सिंह रथी देवता मंदिर में समिति के अध्यक्ष अषाढ़ सिंह अधिकारी, विक्रम अधिकारी, पृथ्वी सिंह अधिकारी, मुख्य पुजारी रामचंद्र डबराल और लक्ष्मण डबराल ने सुबह सात बजे से पूजा-अर्चना की। इस दौरान शारीरिक दूरी का पूरा ख्याल रखा गया। समिति ने धन सिंह देवता झंडी और श्रीफल चढ़ाया। देश में शांति और खुशहाली की कामना की।